राशिफल भी कर सकता है आपके टूटे दिल का इलाज

दिल का टूट जाना वास्तव में बड़ा ही दर्द देने वाला होता है। यह एक दर्द से भरी हुई बहुत ही कठिन प्रक्रिया होती है। खासकर वह व्यक्ति जिसे आप सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, उसकी वजह से यदि दिल टूटा हो, तो यह दर्द कहीं ज्यादा होता है। विज्ञान भी इस बात को मानता है कि कई तरह के शारीरिक दर्द के लिए दिल का टूटना भी जिम्मेदार हो सकता है। प्यार में पड़ जाना प्रेमियों के लिए तो बहुत ही आसान होता है, लेकिन अपने साथी के दिल में अपने लिए जगह बना पाना इतना भी आसान नहीं होता। वहीं, बहुत से रिश्ते में ऐसा होता है कि कुछ लोग बहुत ही तेजी से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन लंबे अरसे के बाद भी उनका कुछ नहीं हो पाता है। इन दोनों ही मामलों में किसी को भी समान रूप से दर्द होता है। ऐसे में सवाल उठता है कि इसे संभाला किस तरीके से जाए। लेखक निकोलस स्पार्क्स ने इसके बारे में यह लिखा है कि जो भावना आपका दिल तोड़ सकती है, कभी-कभी यही उसे ठीक भी कर सकती है। अलग-अलग इंसानों का व्यक्तित्व टूटे दिल का सामना करने के लिए अलग-अलग तरह का होता है। यहां हम आपको आपके राशिफल के मुताबिक टूटे दिल का इलाज करने के बारे में बता रहे हैं।


मेष

मेष राशि के जातकों का जब दिल टूटता है, तो वे बड़े निराश हो जाते हैं। दरअसल अपनी भावनाओं को छिपा पाना उनके लिए मुमकिन नहीं होता है। अग्नि चिह्न होने की वजह से इनमें प्यार करने का जोश तो बहुत रहता है, मगर कई बार बहुत जल्द वे अपने रिश्ते को खत्म करने का भी निर्णय ले लेते हैं। हालांकि, जब इन्हें दिल के टूटने का अनुभव होता है, तो आमतौर पर इनकी प्रतिष्ठा को बड़ी ठेस पहुंचती है। वे पहले की ही तरह रहने के तरीकों के बारे में सोचना शुरू कर देते हैं। वे सोचते हैं कि वे पहले की तरह ही कठिन जिंदगी जी लेंगे। वे पूरी तरह से ठीक है। कुछ भी गलत नहीं हुआ है। ऊपर से वे भले ही बेहद शांत दिखने की कोशिश करें, मगर उनके अंदर जो गुस्सा मौजूद होता है, वह उन्हें दर्द देता रहता है। साथ ही इसकी वजह से उनकी बेचैनी बनी रहती है। आपकी राशि बड़ी ही मजबूत है और किसी भी तरह के काम करने के लिए पूरी तरीके से स्वतंत्र हैं। आपको सक्रिय रहना चाहिए। नए शौक पालने चाहिए। आपके अंदर जो क्रोध छिपा हुआ है, उसे आपको सकारात्मक दृष्टिकोण में तब्दील कर देना चाहिए। इसे आपको अपने अंदर नहीं रखना है। दर्द को अनदेखा करने या फिर अपने क्रोध को वोल्केनो की तरह बाहर निकाल देने की तुलना में ये सारी चीजें आपकी ज्यादा मदद करने वाली हैं। इसलिए यदि आप मेष राशि के हैं, तो आपको उन चीजों का हिस्सा बने रहना चाहिए, जो कि आपको सबसे ज्यादा पसंद हैं।

वृषभ

वृषभ राशि के जातक प्यार में पड़ने में सामान्य से भी ज्यादा समय लेते हैं। वह इसलिए कि किसी भी प्रेम संबंध में जाने से पहले वे दो बार जरूर सोचते हैं। वृषभ राशि के जातकों का यदि दिल टूट जाता है, तो लंबे समय तक उन्हें इसके दर्द की अनुभूति होती रहती है। इसकी वजह से वे निराशा के भंवर में गोते लगाते रहते हैं। वृषभ का पृथ्वी चिह्न है। इसलिए इनके टूटे हुए दिल का सबसे अच्छा इलाज प्रकृति के पास ही मौजूद है। अपने जीवन में बदलाव को वृषभ सामान्य तौर पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं। फिर भी जब इनकी उपचार की प्रक्रिया शुरू होती है, तो कई तरह के सकारात्मक बदलावों को ये स्वीकार करना शुरू कर देते हैं। ऐसे में आपको यही सलाह दी जाती है कि आपको अपने पसंदीदा गाने या फिर संगीत सुनना है। ऐसा करने से आपके दिल का इलाज बेहतर तरीके से और जल्द हो पाता है। प्रकृति के साथ आपको वक्त बिताना चाहिए। जंगल या बगीचों में टहलना चाहिए। कुछ देर तक प्रकृति की सुंदरता का लुत्फ आपको उठाना चाहिए। इतना ही नहीं, यदि आप अपना पसंदीदा व्यंजन पकाते हैं, तो इससे भी आपके टूटे हुए दिल का दर्द कुछ ही समय में ठीक हो सकता है। जब आप खाली हों तो अपने दिमाग को व्यस्त रखने के लिए आप अपनी दिनचर्या में क्रॉसवर्ड जैसे पजल्स आदि को शामिल कर सकते हैं, जिससे कि आपकी मानसिक उत्तेजना नियंत्रित रहेगी।

मिथुन

मिथुन राशि के जातकों का अपने पार्टनर से ब्रेकअप हो सकता है। इसके लिए उनका दोहरा दिमाग और अलग तरह का स्वभाव जिम्मेदार हो सकता है। इन्हें कोई भी फैसला लेने में काफी वक्त लगता है। कई तरह की जटिलताएं इनके रिश्ते में जरूर होती हैं, फिर भी अपने साथी के साथ ये बातचीत करने की कोशिश करते रहते हैं। ये वास्तव में तेजतर्रार होते हैं। साथ ही जब दिल टूटने की भी बात आती है, तो उसमें भी ये हमेशा एक कदम आगे रहते हैं। उन्हें यह दिख जाता है कि उनके दिल टूटने का वक्त आ गया है। दिल टूटने पर उन्हें दुख भी होता है। फिर भी वे इसे अपने ऊपर हावी नहीं होने देते हैं। अपने दोहरे स्वभाव की वजह से वे इस उधेड़बुन में फंस जाते हैं कि उन्हें अब आगे बढ़ना है या फिर इन्हीं दर्दनाक भावनाओं के बीच फंसे रहना है। इस वजह से वे बड़े परेशान रहते हैं। बाहर से वे भले ही खुश नजर आ रहे हों, लेकिन अंदर से वे ऐसे नहीं हो सकते। एक अच्छी बात यह है कि वे अपना ध्यान इधर-उधर लगाकर रखते हैं, ताकि उन्हें ज्यादा दुख नहीं सहना पड़े। आपको इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि आपके लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज क्या है। साथ ही जीवन के प्रति आपका दृष्टिकोण भी सकारात्मक रहना चाहिए। आशावादी होना आपके लिए बहुत ही जरूरी है।

कर्क

भावनाओं की जब बात आती है तो कर्क राशि वाले जातकों से बेहतर इसके बारे में और कोई भी नहीं बता सकता। यदि आपका ब्रेकअप हुआ है तो आप काफी हद तक भावनात्मक हो सकते हैं। अपने दुख में आप बहुत ही जल्द सारी चीजें भूल जाते हैं। यहां तक कि अपनी जरूरतों का भी आपको ख्याल नहीं रहता है। साथ ही आप अपने ऊपर ही दोष मढ़ने लगते हैं। ऐसे वक्त में आपके आसपास मौजूद लोग आगे बढ़ने में आपकी मदद कर सकते हैं। अपने परिवार और करीबी दोस्तों के लिए आप एक बार फिर से जिंदगी को जीना शुरू कर सकते हैं। आप अपने और चारों तरफ एक ऐसी दीवार का निर्माण कर लेते हैं, जिसके अंदर किसी को झांकने की अनुमति आप नहीं देते। साथ ही आप अपनी उदासी भी किसी को नहीं दिखाना चाहते हैं। इसलिए आपके दोस्तों को इस दीवार को तोड़ देने की जरूरत होती है, ताकि वे इसके अंदर झांक कर आपके वास्तविक स्वरूप को देख सकें और आपके आसपास रहकर आपका सही तरीके से मार्गदर्शन कर सकें। अपने पूर्व साथी से आप नाराज जरूर हैं, मगर आप यह भूल जाते हैं कि आपके पास एक मजबूत दिल है। धीरे-धीरे वक्त बीतने के साथ आपका दर्द ठीक हो सकता है और खुशियां आपको वापस मिल सकती हैं।

सिंह

सिंह राशि के जातकों को बड़ा ही भावुक प्रेमी माना जाता है। वह इसलिए कि अपने साथी को ज्यादा से ज्यादा वक्त और जगह देना ये पसंद करते हैं। ये उग्र चिह्न वाले जरूर होते हैं, मगर इनके अंदर वास्तव में एक बड़ा ही नाजुक और कोमल व्यक्तित्व छिपा होता है। आप अपनी सारी कोशिशों उस चीज को करने में लगा देते हैं, जो चीज आपको बहुत पसंद होती है। कभी भी यदि आपका ब्रेकअप हुआ है, तो इससे उबरने में आपको काफी समय लग जाता है। फिर भी बाकी लोगों से यदि तुलना की जाए तो दिल टूटने जैसी घटनाओं को आप बड़े ही प्रभावशाली तरीके से संभाल लेते हैं। अपने प्रियजनों को आप किसी भी हाल में खोना नहीं चाहते हैं। उन्हें खोने का डर जो आपके अंदर होता है, उसकी वजह से आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाते हैं। भौतिक चीजों में आपको बहुत आराम मिलता है। खरीदारी करना आपको बहुत पसंद है। अपने परिवार के लोगों एवं दोस्तों के साथ आप समय भी बताते हैं। इस दौरान आप उन पर भरपूर प्यार भी लुटाते हैं। इस तरह से अपनी जिंदगी में आप आगे बढ़ते चले जाते हैं। अपने गुणों का सम्मान करते हुए आपको अपनी योग्यता से कभी भी किसी भी चीज के लिए समझौता नहीं करना चाहिए।

कन्या

कन्या राशि के जातकों का स्वाभाविक रूप से ही ये किसी भी चीज का विश्लेषण करने वाले और हर चीज को तर्क की कसौटी पर कसने वाले होते हैं। जब भी ये कोई भी जानकारी इकट्ठा करते हैं, तो छोटे से छोटे विवरण पर ये पूरा ध्यान देते हैं। इसलिए जब आपका दिल टूट जाता है तो इसकी मूल वजह को जानने के लिए आप पीछे लौट कर हर चीज का विश्लेषण करते हैं। कन्या राशि वालों को जब यह पता चलता है कि उनके रिश्ते में अब पहले जैसी बात नहीं रह गई है, तो ये दूसरे को दोष देने की बजाय खुद से इसे संभालने की कोशिश करना शुरू कर देते हैं। वास्तव में इनमें परिपक्वता भरपूर होती है और इसी के साथ ये आगे बढ़ सकते हैं। इस वजह से इन्हें भविष्य की बड़ी तस्वीर दिख जाती है। इससे किसी भी प्रकार की चिंता से बाहर निकलना इनके लिए आसान हो जाता है। अपने भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आपको पूरी तरीके से हमेशा तैयार रहना चाहिए।

तुला

तुला राशि के लोगों की यह खासियत होती है कि ये अपने रिश्ते में प्यार और सद्भाव का बहुत ही बढ़िया संतुलन बनाए रखने में सक्षम होते हैं। इनका दिल जब भी टूटता है, तो इनके लिए अकेला रहना बहुत ही कठिन हो जाता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि तुला राशि वाले स्वभाव से बड़े ही संवेदनशील होते हैं। साथ ही ये दयालु होते हैं। आप यदि तुला राशि के हैं, तो वास्तव में खुद से ज्यादा आपको दूसरों को होने वाले दर्द की चिंता होती है। शांत तरीके से आप सेवा करने के प्रयास में रहते हैं। यह एक ऐसा गुण है, जिसकी वजह से लोग आपकी ओर आकर्षित होते हैं। आपका स्वभाव आशावादी होता है। इस वजह से आपको अधिक अवसर नजर आते हैं। तुला राशि के जातक अपने संतुलन को बनाए रखने के लिए हमेशा दूसरों को माफ करने की कोशिश करते हैं। तुला राशि वाले छोटी चीजों को भी इस तरह से करते हैं कि दूसरों को इसमें प्यार की अनुभूति हो। आपको प्रकृति के साथ समय बिताना चाहिए। इससे आपको अपने अंदर बड़ा ही आराम महसूस होगा।

वृश्चिक

वृश्चिक राशि के जातकों की यह खासियत होती है कि अपनी भावनाओं को ये बहुत ही अच्छी तरीके से छुपा लेते हैं। ये अपने आसपास का बहुत ही ध्यान रखते हैं। कुछ ही लोगों को ये अपने सर्किल के अंदर आने की अनुमति देते हैं। जिनसे ये एक बार जुड़ जाते हैं, उनके प्रति ये पूरी तरीके से वफादार होते हैं। जब इनके जीवन में ब्रेकअप जैसी चीज होती है, तो इनकी दुनिया तो पूरी तरीके से उलट ही जाती है। फिर भी ये बहुत ही तेजी से इस पर काम करते हैं और अपनी भावनाओं को संभाल लेते हैं। हालांकि, जिस व्यक्ति की वजह से उनका दिल टूटा है, उसके प्रति इनके मन में कुछ बहुत ही कटु भावनाएं आ सकती हैं। रिश्ते को सुधारने के लिए या फिर इसे तोड़ने के लिए अच्छे-खासे समय की जरूरत होती है। खुद को ठीक करने के लिए इन्हें अपने आपको बेहद करीबी दोस्तों और परिवार के बीच रखने की जरूरत होती है। यदि ये क्रोध करते हैं या कोई भी भावना इन पर अधिक हावी होती है, तो इनका ठीक होना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। फिर भी यदि करीबी लोग इन्हें पूरी तरीके से सपोर्ट करते हैं, तो ये नकारात्मकता में डूबने से बच सकते हैं। साथ ही स्वस्थ दिमाग से ये आगे बढ़ सकते हैं।

धनु

खुद के प्रति जो संतुष्टि धनु राशि के जातकों में होती है, इसकी वजह से ये मजबूत व्यक्ति बनते हैं। दिल टूटने से भी ज्यादा रिश्ते में इन्हें तब निराशा हाथ लगती है, जब इनका रिश्ता उस तरीके से नहीं चल पाता, जिसकी इन्होंने अपेक्षा की थी। अपने जीवन में ये हमेशा जिंदगी की वजह की तलाश करते रहते हैं। यात्रा भी इनकी जिंदगी का अभिन्न हिस्सा होती है। वह इसलिए कि ये बिल्कुल आजाद आत्माओं की तरह होते हैं। वैसे, दिल टूटने का एहसास इन्हें इस तरह से होता है कि ये बिल्कुल एक अलग व्यक्ति की तरह लगने लगते हैं। जब आप अपने अंदर की विचार प्रक्रिया को सही तरीके से समझना चाहते हैं, तो इस दौरान आप खुद से बहुत से दर्शन से जुड़े सवाल पूछते हैं। अपनी भावनाओं के बारे में जानने में आपको काफी वक्त लग जाता है। एक बार जब आपको अपनी भावनाओं की वजह और इनका उत्तर भी मिल जाता है, तो इससे आप बिल्कुल ठीक हो जाते हैं।

मकर

मकर राशि के जातकों की यह विशेषता होती है कि ये किसी भी चीज को तर्क की कसौटी पर कसने वाले होते हैं। साथ ही इनका निश्चय भी बड़ा ही दृढ़ होता है। सभी राशियों में ये सब से प्रतिबद्ध व्यक्ति माने जाते हैं। अपनों के खो जाने के डर की वजह से किसी रिश्ते में यदि आपको नाकामयाबी हासिल होती है, तो आप निराश हो जाते हैं। इस वजह से आप कई बार कुछ ज्यादा ही सतर्क रहते हैं, लेकिन ऐसा करने की वजह से आप खुद को भी चोट पहुंचा सकते हैं। आपका जो महत्वकांक्षी व्यक्तित्व है, उसकी वजह से असफलता को स्वीकार करना आपके लिए बहुत ही मुश्किल हो जाता है। किसी भी चीज का सामना करने के लिए आपके अंदर एक अद्भुत ताकत हो सकती है। इसलिए आपको इसका पता लगाने की जरूरत होती है। आपकी जिंदगी में जो आपने नए लक्ष्य निर्धारित किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए आप अपने काम पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। जब तक कि आप किसी के प्रति अपने मन में कटु भावनाओं को लेकर नहीं आते, तब तक आपको अपने भावनाओं के द्वार को बंद नहीं करना चाहिए। आप अपनी उर्जा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही जी नाकामयाबी आपके हाथ लगी है, उससे भी कुछ नया सीख सकते हैं।

कुंभ

आप में से बहुत से कम ही लोगों को यह मालूम होगा कि कुंभ राशि के जातक अंदर से बड़े ही नरम व्यक्तित्व वाले होते हैं। अपने साथी से भावनात्मक रूप से इनका जुड़ाव हो जाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि जब दिल टूटता है, तो यह समय इनके लिए बहुत ही कठिन होता है। कुंभ राशि वाले का चिह्न पानी होता है। दूसरों के लिए ये मानवता को हमेशा तरजीह देते हैं। हमेशा ही दूसरों की मदद करने के लिए ये तैयार रहते हैं। आपको यह मालूम होता है कि किस तरीके से खुद को आपको व्यस्त रखना है और दिल टूट जाने के बाद भी अपनी जिंदगी को प्रगतिशील कैसे बनाए रखना है। अपने साथी से आप खुद को भले ही पूरी तरीके जोड़कर नहीं रखते हैं और अपने आपको उनसे भावनात्मक रूप से दूर भी कर लेते हैं, लेकिन इसके बावजूद आप दर्द में रहते हैं। अपने रूढ़िवादी स्वभाव की वजह से आप दिल टूटने के दौरान ज्यादा दर्द झेलने से बच जाते हैं। कुंभ राशि वालों को अपनी कीमत अच्छी तरह से पता होती है। ये इस चीज को लेकर आशावान रहते हैं कि मानवता के प्रति इनका प्यार बना रहेगा। मानवता के लिए ये हमेशा जीते रहेंगे।

मीन

मीन राशि के जातकों का दिल इसलिए टूट सकता है, क्योंकि अपने साथी से इन्हें उम्मीदें काफी होती हैं। आपका जब ब्रेकअप हो जाता है, तो आप निराश हो जाते हैं। आपका स्वभाव बड़ा ही निःस्वार्थ है। दूसरों की मदद करने के लिए आप हमेशा तैयार रहते हैं। खुद के लिए आपको यह बताना बहुत ही कठिन हो जाता है कि आप क्या महसूस कर रहे हैं। असुरक्षा की भावना आपके अंदर आती है। खुद पर आपको संदेह होने लगता है। कुछ समय के लिए वास्तविकता से आप खुद को अलग कर लेते हैं। वास्तव में आप बड़े ही कलात्मक हैं। दूसरों से भी आप प्रेरणा हासिल करते हैं। अब चूंकि आप बड़े ही रचनात्मक हैं, ऐसे में अपनी भावनाओं को आपको पेंटिंग, लेखन और संगीत आदि के रूप में कलात्मक तरीके से अभिव्यक्त करने के लिए एक माध्यम की आवश्यकता होती है। अपनी भावनाओं से निपटने के लिए आपसे जो भी बन पड़े, वह करना चाहिए। इस तरह से आप वक्त के साथ ठीक हो सकते हैं। जब आप अपनी भावनाओं के साथ चलते हैं, तो वास्तव में आपके अंदर उत्कृष्ट कृतियों को बनाने की क्षमता मौजूद होती है।