सुमित आंतिल: किन ग्रहों की मदद से सुमित ने जीता गोल्ड मेडल?
टोक्यो पैरालिंपिक में अभी तक भारत को दो गोल्ड समेत आठ पदक मिल चुके हैं। जैवलिन थ्रो में F64 क्लास के खिलाड़ी सुमित आंतिल ने 68.55 मीटर के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। सुमित अंतिल का जन्म 6 जुलाई 1998 को हरियाणा के सोनीपत में हुआ था। सुमित जब सात साल के थे, तब एयरफोर्स में तैनात उनके पिता रामकुमार का बीमारी के चलते देहांत हो गया था। सुमित ने अपने कॅरियर की शुरुआत एक पहलवान के रूप में की थी, लेकिन 5 जनवरी 2015 की शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक पर सवार सुमित को टक्कर मार दी। इस हादसे में उन्हें अपना पैर गवाना पड़ा था। इस हादसे के बाद भी वह हताश नहीं हुए और खेल में अपनी रुचि बढ़ाई। सुमित ने साल 2018 में एशियन चैम्पियनशिप में भाग लिया, जिसमें उन्हें पांचवी रैंक ही मिली। इसके बाद साल 2019 में वर्ल्ड चैम्पियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा इसी साल नेशनल गेम में सुमित ने स्वर्ण पदक जीत खुद को साबित किया।