वृश्चिक राशि की विशेषताएं

वृश्चिक के जुनूनी स्वभाव की वजह से उन्हें कई बार अग्नि तत्व की राशि समझा जाता है। लेकिन वृश्चिक जल तत्व की राशि होती है (कर्क और मीन की तरह)। खतरनाक बिच्छू को लोगों के साथ किसी झंझट में पड़ना पसंद नहीं होता है। जहर से भरे बिच्छू, सभी राशियों में सबसे ज्यादा खतरनाक होते हैं। वृश्चिक प्रचंड, भावुक, और कल्पनाशील होते हैं। ये जिंदगी को शतरंज के खेल की तरह समझते हैं। वृश्चिक का व्यक्तित्व अच्छे और बुरे के बीच में घूमता रहता है। किसी दिन वे एक आदर्श इंसान होते हैं तो दूसरे ही दिन वे सबसे बुरे भी बन सकते हैं, जिसे नियंत्रण करना मुश्किल हो सकता है। इनका स्वामी ग्रह मंगल होता है, जो बदलाव और एनर्जी के लिए जिम्मेदार होता है। इन्हें विश्वास करने में समय लगता है। लेकिन अगर ये एक बार किसी पर विश्वास कर लें तो उनसे संपूर्ण रूप से जुड़ जाते हैं। वृश्चिक में अथाह सहानुभूति, कमिटमेंट और ठहराव होता है। जो इनके करीबी लोगों के लिए अंधेरे में रोशनी की तरह होता है।

वृश्चिक लोगों की मुख्य विशेषता

वृश्चिक अपने प्रतिद्वंदियों और धोखा देने वालों को कभी माफ नहीं करते हैं। अगर कोई इन्हें पीठ में छुरा घोंपते हैं तो उनकी जिंदगी बिगाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। वृश्चिक षड़यंत्र करने और योजना बनाने में काफी अच्छे होते हैं। कोई आश्चर्य की बात नहीं अगर ये आपको किसी ‘अंडरवर्ल्ड’ या ‘जासूसी करने वाले’ संस्था से जुड़े मिले। इनके अंदर का इगो जहर के समान होता है, जो कई बार इन्हें ही नष्ट कर देता है। इनका रहस्यमयी व्यक्तित्व उन्हें कामुक भी बनता है। वृश्चिक के लिए सेक्स सिर्फ एक आनंददायक एहसास नहीं होता है, बल्कि एक आध्यात्मिक रोशनी, भावनात्मक जुड़ाव और करीब आने का एक माध्यम होता है।

वृश्चिक के व्यक्तित्व की विशेषता

दुष्ट, जुनूनी, रणनीति बनाने में निपूण और लॉयल वृश्चिक किसी भी प्रकार के खतरनाक मिशन के लिए सबसे योग्य हो सकते हैं। ये साम, दाम, दंड, भेद से अपना काम निकालना जानते हैं। वृश्चिक मुख्य रूप से अशांत, और उलझी हुई चीजों की तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं। ऐसे अनोखे व्यक्तित्व के बाद भी वृश्चिक एक अच्छे दोस्त और साथी साबित होते हैं। ये आपके साथ हर हाल में खड़े रहते हैं। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में, इनका नेतृत्व आपको जीता सकता है। इनमें कभी भी आत्मविश्वास की कमी या आत्मसंदेह की भावना नहीं आती है। वृश्चिक आने वाले भविष्य को मद्देनजर रख कर सही निर्णय लेते हैं। वे बहुत दूर की सोच लेते हैं। धोखा देने वाले लोगों को ये कभी माफ नहीं करते हैं। इनका कोई नुकसान ना हो, इसका ध्यान रखना चाहिए।

सकारात्मक विशेषताएं (बुराई में अच्छाई)

वृश्चिक अपने काम में पूरी तरह से आत्मकेंद्रित रहते हैं, साथ ही इनमें प्रतिस्पर्धा की भावना भी होती है। इनसे जीत पाना आसान नहीं होता है। ये बहुत ही ज्यादा साहसी होते हैं और किसी भी तरह का जोखिम उठाने को तैयार रहते हैं। इनके रोजाना के काम में भी जोखिम उठाने में मजा आता है। वृश्चिक अपनी आखिरी सांस तक कोशिश करते रहते हैं। ये आश्चर्यजनक बात है कि बुरे और दुष्ट प्रवृत्ति के वृश्चिक अपने रिश्तों में हमेशा निष्ठावान होते हैं। ये बहुत ही अच्छे पार्टनर साबित होते हैं और अपने साथी से वफादार रहते हैं। परन्तु अपनी महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इनका व्यक्तित्व कितना रहस्यमयी है, ये पता लगा पाना बहुत ही मुश्किल होता है।

आत्मकेंद्रित (टिकाऊ)

वृश्चिक का फोकस बहुत अच्छा होता है, और वे बहुत ही ज्यादा प्रतिस्पर्धी होते हैं। विनाशी स्वभाव के वृश्चिक हर हाल में जीतना चाहते हैं। जुझारू प्रवृत्ति के वृश्चिक, रास्ते में आने वाली हर बाधा को पार करने की क्षमता रखते हैं। बिच्छू के अंदर का जहर किसी भी परेशानी को क्षण भर में गलाने की ताकत रखता है। जीते बिना ये रुकते नहीं हैं। इनको हराने का एकमात्र रास्ता हो सकता है, इनके रास्ते से हट जाना।

साहसी (पराक्रम से भरे)

वृश्चिक जीवन में जोखिम लेना जानते हैं। ये हमेशा जोखिम भरे निर्णय लेने को तैयार रहते हैं। इनके हिसाब से जोखिम नए अवसरों से भरा होता है। वृश्चिक ऐसे काम मजे से करते हैं, दूसरों के नजरों में जो खतरों से भरे होते हैं।

वफादारी (विश्वासी)

वृश्चिक अपने करीबी लोगों से बहुत जुड़े होते हैं, और वफादार होते हैं। ये स्वीकार करना मुश्किल है, क्योंकि ऊपरी तौर पर वृश्चिक स्वार्थी और दुष्ट लगते हैं। इनके लिए आपसी मनमेल बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। चाहे आप इनसे निजी तौर पर जुड़े हो या फिर पेशेवर तौर पर, अगर आप इनके लिए करीबी हैं, तो इनकी पूरी निष्ठा और वफादारी आपको मिलेगी।

रणनीति में निपुण (निति बनाने में व्यस्त)

वृश्चिक के लिए रोजाना की जिंदगी भी किसी मिशन या युद्ध से काम नहीं होती है। इन्हें रोजाना की जिंदगी में भी भीषण योजनाएं बनाते हुए देखा जा सकता है। वृश्चिक हर पहलू पर सोचते विचार करते हुए देखे जा सकते हैं। वे साम, दाम, दंड, भेद, किसी भी तरह से काम निकलवाने की ताकत रखते हैं। वृश्चिक के राज रखने के स्वभाव के वजह से कोई कभी नहीं जान पाता की इनके दिमाग में क्या योजना चल रही है। अपने इस विशेषता की वजह से ये काफी अच्छे जासूस बन सकते हैं। ये जानते हैं कि भविष्य निश्चित नहीं, पर काम करते रहना निश्चित है। ये तब तक काम करते हैं, जब तक अपने योजना को सार्थक न कर दें।

महत्कांक्षी (बड़े सपने)

वृश्चिक बहुत ही महत्वकांक्षी होते हैं। वे हमेशा अपने सपने को पाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। ‘छोड़ देना’ शब्द इनके लिए नहीं बना है। अपने सपनों को पाने के लिए ये हर जोड़-तोड़ कर सकते हैं। इनके लिए नीति से ज्यादा जीत का महत्व होता है। बिल्ली भी भूल से इनका रास्ता नहीं काट सकती है। ये अपने रास्ते में आने वाले को कभी बर्दाश्त नहीं करते हैं। वृश्चिक सबसे खतरनाक शत्रु होते हैं। ये जब तक अपनी लक्ष्य को प्राप्त नहीं करते हैं, शांत नहीं बैठते हैं। एक वृश्चिक का मानना है कि ‘सफलता बहुत ही बेरहम शिक्षक है, जो लोगों को ये सोचने पर मजबूर करता है कि आप कभी हार नहीं सकते हैं।’

विश्वासपात्र (हमेशा भरोसेमंद)

कितने कमाल की बात है कि दुष्ट और जहरीले बिच्छू भी भरोसेमंद हो सकते हैं। वृश्चिक अपने रिश्तों में हमेशा ही ईमानदार होते हैं। इनसे दोस्ती किसी के लिए भी बहुत फायदेमंद हो सकती है। अगर आप इनके करीबी हैं तो ये आपके लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। ये अपनी और अपने नजदीकी लोगों की सुरक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरेंगे।

नकारात्मक विशेषताएं (बदनाम बादशाह)

वृश्चिक हमेशा की जलन की भावना से ग्रस्त रहते हैं। जो इन्हें कमजोर बनाता है। वृश्चिक अपने साथी पर मालिकाना हक समझते हैं। अगर इनके पार्टनर किसी और पुरुष या स्त्री की तारीफ करें तो इन्हें ये बात बिलकुल पसंद नहीं आती। ये क्रोधी हो जाते हैं। अपने संकोची स्वभाव की वजह से ये लोगों के उत्सुकता का केंद्र बने रहते हैं लेकिन लोग इन्हें समझ नहीं पाते हैं। नियंत्रण करना मुश्किल है क्योंकि ये वर्चस्व कायम करने में यकीन करते हैं। ये हमेशा की प्रतिद्वंदता के लिए तैयार रहते हैं। इन्हें हरा पाना मुश्किल होता है। एक बार इनका भरोसा टूट गया तो ये बात को जाने नहीं देते हैं। ऐसे समय पर इनसे दूर रहना सबसे बढ़िया उपाय होता है।

जलन से भरे

वृश्चिक में जलन की भावना बहुत ज्यादा होती है। इस कारण उनकी खुद की जिंदगी में काफी समस्या आती है। इनके अंदर भरा जहर, इनको ही नुकसान पहुंचाता है। इनसे उलझने की कोशिश कभी भी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि अपने विरोधी को कभी नहीं भूलते हैं और गलतियों को कभी माफ नहीं करते हैं। इनसे दुश्मनी बहुत महंगी होती है।

मालिकाना हक (बहुत ज्यादा सुरक्षात्मक)

वृश्चिक के अंदर अपने करीबी लोगों को सुरक्षित करने की भावना होती है। इस भावना के कारण वे कई बार अधिकार की भावना से ग्रस्त हो जाते हैं। ये निजी और पेशेवर जिंदगी में पजेसिव होते हैं। इनका साथी अगर किसी दूसरे को थोड़ा भी महत्व देता है, ये बात इन्हें अच्छी नहीं लगती है। अगर प्रेम में धोखा मिलें तो इनसे बड़ा प्रतिहिंसक व्यक्ति आपको नहीं मिलेगा।

रहस्यमयी (राज रखने वाला)

वृश्चिक स्वभाव से रहस्यमय होते हैं, अपने राज छुपाने में माहिर होते हैं। ये जल्दी अपनी बातें लोगों से शेयर नहीं करते हैं। इनको यकीन दिलाना बहुत ज्यादा मुश्किल होता है। अकेले रहने के कारण ये मानसिक रूप से काफी परेशान हो सकते हैं।

वर्चस्व वाले (नियंत्रण में रखने की इच्छा)

दूसरों की जरूरत से ज्यादा फिक्र करना इन्हें उन पर हावी होने पर मजबूर कर देता है। वृश्चिक दूसरों की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लगते हैं और उन्हें नियंत्रण में करने की कोशिश करते हैं। इस वजह से इनका व्यवहार क्रूर हो जाता है।

क्रोधी (कष्टप्रद व्यवहार)

वृश्चिक बहुत ज्यादा क्रोधी स्वभाव के होते हैं। कोई भी छोटी बात भी इनके गुस्से को जगा सकती है। इन्हें इस बात की भी फिक्र नहीं होती कि इनके किए काम से इन्हे नुकसान होगा या दूसरे को। वृश्चिक कई बार बिना सोचे निर्णय पर पहुंच जाते हैं, जो दूसरे के साथ साथ उन्हें भी नुकसान पहुंचता है।

निष्ठुर (क्रूर और बेरहम)

अगर अपने गलती से भी बिच्छू के पूंछ पर पैर रख दिया, वे जिंदगी भर आपका पीछा करेगा और बदला जरूर लेगा। अपने बदले के लिए वृश्चिक किसी भी हद तक जा सकते हैं और बेरहम निष्ठुर भी हो सकते हैं। ये ना ही बातों को भूलते हैं, ना ही माफ करते हैं। ये बात इनको और ज्यादा खतरनाक बनाती है। अगर आप एक वृश्चिक के साथ रिश्ते में हैं और अगर आपका कोई राज है, तो आप हमेशा एक डर के साया में जीते हैं।

वृश्चिक के प्रेम संबंध (जुनूनी प्रेमी)

वृश्चिक में अगाध जूनून और स्नेह देखने को मिलता है, जब प्रेम की बात आती है। इनके स्वभाव में आपको जमीन आसमान का फर्क देखने को मिलता है। एक पल के लिए वो बर्फ की तरह शीतल हो सकते हैं, तो दूसरे पल वे ज्वालामुखी से अधिक गर्म। अपने शंकालु स्वभाव के कारण ये अपने जीवन साथी पर जल्दी भरोसा नहीं कर पाते हैं। ये हमेशा अपने सोलमेट की तलाश में रहते हैं। ये काफी अच्छे थेरेपिस्ट होते हैं और अपने दोस्त साथियों की मदद करते हैं रोजाना की जिंदगी में भी। वृश्चिक की अनुकूलता कन्या, कर्क, और मकर के साथ बहुत अच्छी होती है।

वृश्चिक का घर परिवार और परिवार (वफादार रक्षक)

वृश्चिक बहुत ही ज्यादा रक्षात्मक रूप से व्यवहार करते हैं, अगर बात उनके नजदीकी, जान पहचान, और परिवार के लोगों की हो रही हो। लेकिन अगर कोई उन्हें धोखा दे तो वे बिलकुल विपरीत स्वभाव के हो जाते हैं। सबसे अच्छी बात है कि ये परिवार के महत्व और मूल्यों को अच्छे से समझते हैं। वृश्चिक परिस्थिति के अनुसार व्यवहार कर सकते हैं और स्थिति संभल सकते हैं। अपने परिवार और सदस्यों के लिए ये बहुत ज्यादा सुरक्षात्मक रवैया रखते हैं। यदि कोई इनके परिवार के साथ बुरा व्यवहार करें, वे निर्दयी भी हो सकते हैं। वे हमेशा अपने परिवार के सदस्यों के लिए अनोखा करने की कोशिश करते रहते हैं।

वृश्चिक का काम और पैसा (जीतने को तैयार)

अपने तेज दिमाग के बल पर ये हमेशा जीत हासिल कर लेते हैं। ये बहुत ही अच्छे मैनेजर साबित होते हैं और जीत की ओर अग्रसर रहते हैं। ये अपने काम और निजी जीवन को संतुलित करने के हमेशा प्रयास करते रहते हैं। वृश्चिक का व्यवहार सबके लिए आदर से भरा होता है और वे बदले में दूसरों से भी यही उम्मीद करते हैं। अपने जीवन में स्वावलंबी होते हुए उन्हें पैसे का महत्व पता होता है। वे समय-समय पर जरुरी खर्च या निवेश करते रहते हैं। वृश्चिक हमेशा ही अपने काम में आगे बढ़ने के लिए प्रयास करते रहते हैं, जिससे उनके आय में भी वृद्धि हो सकें।

सारांश

वृश्चिक बहुत ही कामुक और रहस्यमयी होते हैं। अपने रहस्मयी और कमाल की चतुराई के कारण ये अपने सपनों को प्राप्त करने में कामयाब रहते हैं। वृश्चिक बहुत ही ज्यादा महत्वाकांक्षी होते हैं। ये अपने आसपास की चीजों को नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं। अपने अंतर्ज्ञान के कारण ये प्रेम जीवन में बहुत ही कम गलती करते हैं। वृश्चिक अपने रहस्मयी व्यक्तित्व और काम से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।